दरभंगा से आई रेलवे की टीम ने जांचा जनसेवा का कोच
तकनीकी टीम ने फोटोग्राफी कर ज्वाइंट रिपोर्ट भी तैयार की
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। बिहार के दरभंगा से पहुंची रेलवे की ज्वाइंट तकनीकी टीम ने मंगलवार को रोजा जंक्शन पर खड़ी जनसेवा एक्सप्रेस के कोच की जांच की। कोच की फोटो और वीडियोग्राफी करने के बाद ज्वाइंट रिपोर्ट तैयार कर टीम वापस लौट गई। फिलहाल कोच रोजा जंक्शन पर ही खड़ा है।
बिहार के बरौनी से अमृतसर जा रही अप-15209 जनसेवा एक्सप्रेस रविवार तड़के करीब पांच बजे रोजा पहुंचने वाली थी। इस दौरान इंजन से छठे नंबर पर लगे कोच नंबर 07480 में धुआं उठने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। मिहौना के पास यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। यात्री कोच से उतर कर भागने लगे। ट्रेन के पहिए का एक्सल गर्म होने की वजह से कोच में धुआं भरा थे। आग लगते-लगते बची थी। ट्रेन को करीब 5:20 बजे किसी तरह रोजा स्टेशन पर लाया गया। यहां ट्रेन से कोच को अलग किया गया। मंगलवार को दरभंगा से सीनियर सेक्शन इंजीनियर एके करन और सेक्शन इंजीनियर अंजनी कुमार की दो सदस्यीय टीम कोच की जांच को रोजा पहुंची। कई घंटे पड़ताल के बाद टीम ने ज्वाइंट रिपोर्ट तैयार कर ली है।
---------
कैरिज विभाग ने दुरुस्त किया जनसेवा एक्सप्रेस का कोच
शाहजहांपुर। तीन दिन से रोजा जंक्शन पर खड़े जनसेवा एक्सप्रेस के कोच को मंगलवार को रेलवे के कैरिज एंड वैगन विभाग ने कोच को दुरुस्त करने के बाद अपनी रिपोर्ट दे दी है। प्रभारी आरपी सिंह के नेतृत्व में टीम रोजा पहुंची। दरभंगा की टीम की पड़ताल पूरी होने के बाद कोच के व्हील और धुरा बदलने का काम शुरू किया गया। मरम्मत के बाद कैरिज विभाग ने कोच को पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया है।