शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत चेक पाकर बेघरों के चेहरे खिल उठे। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने राज भवन स्थित कैंप कार्यालय पर योजना के 73 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए। हालांकि, कुछ आवेदक मायूस होकर भी लौटे। नगर विकास मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी शहरी बेघरों को आवास मिलेंगे। सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत शहर में 61 और रोजा में 12 लोगों को सुरेश खन्ना ने चेक बांटे। कुल 36 लाख 50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। नगर विकास मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 2022 तक कोई भी नम्रि आय वर्ग का व्यक्ति आवासहीन नहीं रहना चाहिए। योजना के तहत पहले चरण में देश के सौ जिलों को शामिल किया गया है। एसडीएम सदर रामजी मिश्रा ने चेक पाने वाले लाभार्थियों से कहा कि वह धन का सदुपयोग करें। आवास निर्माण का काम मानक के अनुरूप समय से पूरा कर लें। शहर में कुल 61 लोगों को 30 लाख 50 हजार और रोजा में 12 लाभार्थियों को छह लाख के चेक वितरित किए गए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, नगर पालिका ईओ एसपी सिंह, विद्युत विभाग के एक्सईएन नगर विवेक पटेल आदि मौजूद रहे।