होली को लेकर प्रशासन चिंतित
रंगोत्सव और जुमे की नमाज एक ही दिन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुस्लिम धार्मिक स्थलों को तीन फोर्ड में पन्नी से जा रहा ढांका
पिछले वर्ष 22 जगहों की तुलना में इस बार 62 स्थानों पर की जाएगी बैरीकेडिंग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
लाट साहब के जुलूस को लेकर होली को वैसे ही संवेदनशील माना जाता है, लेकिन इस बार होली वाले दिन जुमे की नमाज भी होने से प्रशासन काफी सतर्क है। इसलिए पुलिस के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना कड़ी चुनौती से जूझने के बराबर है। हालांकि प्रशासन ने पुलिस के साथ मिलकर इस होमवर्क को पूरा कर लिया है। फिर सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए कड़े निर्देश जारी करने के साथ ही बैठकें की जा रही हैं।
डीएम अमृत त्रिपाठी ने एसपी केबी सिंह के साथ मिलकर सुरक्षा का जो खाका तैयार किया है। लाट साहब के रास्ते में पकडने वाले मुस्लिमों के धार्मिक स्थलों के आसपास बैरीकेडिंग के साथ ही तीन फोर्ड में पन्नी से ढकने के निर्देश दिए हैं। जिस पर पूरी तरह से अमल करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ताकि रंगोत्सव के दौरान कोई भी हुड़दंगी मुस्लिम धार्मिक स्थलों के ऊपर रंग डालकर माहौल को खराब करने की कोशिश न कर पाए। इसके अलावा जुलूस वाले रूट पर पिछले वर्ष 22 जगहों की तुलना में इस बार 62 स्थानों पर बैरीकेडिंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की मंशा है कि जुमे की नमाज अदा होने से पहले ही लाट साहब का जुलूस और रंग व अमीर-गुलाल बंद हो जाए। प्रशासन यह सतर्कता जुमे की नमाज को भी ध्यान में रखकर बरत रहा है।
00
छह सेक्टर में बांटा बड़े लाट साहब का जुलूस
चौक कोतवाली क्षेत्र से निकलने वाले लाट साहब के जुलूस के दौरान सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने को जुलूस को छह सेक्टर में बांटा गया है। इसमें दो सेक्टर सदर बाजार कोतवाली में और चार सेक्टर चौक कोतवाली क्षेत्र में बनाए गए हैं।
सुझाव पर होगा अमल, आप बनाए शांति
डीएम-एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों के संभ्रांत लोगों के साथ की बैठक
बिजली-पानी, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
फोटो-3,4
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
डीएम अमृत त्रिपाठी व एसपी केबी सिंह ने मंगलवार दोपहर शहर के गांधी भवन प्रेक्षागृह में पीस कमेटी की बैठक कर होली पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही उनसे सुझाव मांग कर उन पर अमल करने का भरोसा दिलाया।
डीएम ने कहा कि इस बार लाट साहब का जुलूस ऐसा निकले जो मिसाल बने, क्योंकि यह जनपद शहीदों की नगरी है इसमें सभी लोग मिल जुलकर सभी त्योहारों को बहुत ही अच्छे से मनाते हैं। इस परंपरा को सभी लोग कायम रखें। उन्होंने कहा कि होली को दृष्टिगत रखते हुए लाटसाहब के जुलूस निकलने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि होली के जुलूस निकलने से पहले पानी, विद्युत, साफ-सफाई, पुलिस व्यवस्था को पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि जुलूस निकलने वाले रास्तों में पूरी तरह से बैरीकेडिंग की व्यवस्था हो गई है। कोई भी पेट्रोल पंप नहीं खुलेगा। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि होली के समय नालियों में गंदगी भरी होती है उसे साफ कराया जाए। इस पर डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को होली के जुलूस निकलने से पहले सभी नालियों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। एसपी केबी सिंह ने भी होली शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाने की अपील करते हुए कहा कि जिन-जिन थाना क्षेत्र में गड़बड़ी करने की आशंका में पुलिस के घेरे में हैं। उन पर कार्रवाई की गई। इसके हर संवेदनशील प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल के अलाबा सचल दस्ते भी बनाए गए हैं, जो गड़बड़ी या माहौल खराब करने की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। इनमें यूपी 100 वालों को भी लगाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई भी शख्स माहौल खराब करने की कोशिश करे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। मीटिंग में जिले के 23 थाना क्षेत्रों में प्रत्येक थाना क्षेत्र से दस-दस लोगों को बुलाया गया था। बैठक में लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम-एसपी को सुझाव भी दिए। जिस पर दोनों अधिकारियों ने अमल में जाए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में सीडीओ संजीव कुमार, एडीएम वित्त सर्वेश कुमार, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एसडीएम रामजी मिश्रा, एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य, एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, सीओ सिटी सुमित शुक्ला, सीओ सदर अरुण चंद्र, नगर पालिका अधिशाशी अधिकारी आदि मौजूद रहे।
00
मजिस्ट्रेट फ्लोरेंस ड्रेस पहनकर देंगे ड्यूटी
डीएम ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बार होली के जुलूस निकलने के समय नियुक्त मजिस्ट्रेट फ्लोरेंस ड्रेस पहनकर स्वयं आईकार्ड पहनकर ड्यूटी देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ही ऐसे होते हैं जो माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। उन पर पैनी नजर रखी जाएगी।
-----
शांति पूर्ण जुलूस निकलवाने वाले होंगे सम्मानित
डीएम ने कमेटी के सदस्यों से कहा कि प्रशासन का सहयोग करते हुए जुलूस को शांति पूर्वक निकलवाएं। इसके बाद तीन मार्च को सभी कमेटी के सदस्यों को उनकी ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन एसपी की ओर से पुलिस लाइन में भोजन की व्यवस्था की गई है।
-----
सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं होली: एसडीएम
मिर्जापुर। एसडीएम विजयपाल सिंह ने कहा कि होली मिलजुल कर शांति से मनाएं। गड़बड़ी करने वालों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। थानाध्यक्ष आलोक मिश्र ने कहा कि क्षेत्र के संवेदनशील गांवों का भ्रमणकर असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर लिया है उनकी हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। वह मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पुत्र नीलेश यादव, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह यादव, प्रधान कृष्णकांत दीक्षित, फारुक अली, लालू द्विवेदी, मुनीश दीक्षित, बैजनाथ कुशवाह, शमशाद हुसैन, अहमद अली, ओमपाल सिंह कुशवाहा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो