पुवायां (शाहजहांपुर)। श्री जय मां अंबे जागरण सेवा समिति के बैनर तले गांव नवाबपुर में 21 सितंबर को होने वाले जागरण के लिए पवित्र ज्योति और अमृत कलश लेकर आए भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। जागरण स्थल पर पूजनोपरांत मां की ज्योति के साथ ही पवित्र कलश स्थापित कर दिया गया।
समिति के सदस्य मां वैष्णो देवी, मां ज्वाला जी सहित तमाम धार्मिक स्थानों पर अमृत कलश और पवित्र ज्योति लाने को रवाना हुए थे। सोमवार को वापस आने पर भक्तों का तमाम लोगों ने ग्राम बड़ागांव के तुलाराम बाबा स्थान पर भव्य स्वागत किया। भक्तों ने पवित्र ज्योति के आगे मत्था टेककर पुण्य लाभ अर्जित किया। बड़ागांव से ढोल नगाड़ों की धुन और रंग गुलाल उड़ाते भक्त पवित्र कलश और अखंड ज्योति को जागरण स्थल पर लेकर पहुंचे। 21 सितंबर को हापुड़ के निर्मल शर्मा की पार्टी मां का गुणगान करेगी।