रोजा/शाहजहांपुर। उत्तर रेलवे के जीएम टीपी सिंह को रोजा जंक्शन पर निरीक्षण के दौरान कोई बड़ी खामी नहीं मिली। जीएम ने यहां करीब ढाई घंटे तक निरीक्षण किया। रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए। वह रोजा लोकोशेड भी गए। जी कंपनी के और रेल अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्जन फोर के नए रेल इंजनों के प्रदर्शन के बारे में जाना। शाम करीब 6:50 बजे जीएम स्पेशल रोजा से बरेली के लिए रवाना हुई।
उत्तर रेलवे के जीएम टीपी सिंह मंगलवार शाम करीब 4:20 बजे रोजा जंक्शन पहुंचे। यहां उन्होंने लोको लॉबी, एसएस ऑफिस, पावर केबिन, गार्ड और लोको पायलट रेस्ट रूम का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन का भी जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। यहां जीएम ने लोको पायलट और गार्डों से भी बात की, उनसे सुविधाओं के बारे में पूछा। इसके बाद वह लोकोमोटिव शेड पहुंचे। यहां भी काम देखा। वर्जन फोर के अब तक 46 नए रेल इंजन लोकोमोटिव शेड से बाहर आकर पटरियों पर दौड़ने लगे हैं। जीएम ने इन इंजनों के प्रदर्शन के बारे में जाना। करीब ढाई घंटे के गहन निरीक्षण के दौरान जीएम को यहां कोई बड़ी कमी नहीं मिली, लेकिन रेल अधिकारियों के माथे पर पसीना साफ दिखता रहा। निरीक्षण के दौरान डीआरएम मुरादाबाद मंडल एके सिंघल, एडीआरएम अश्वनी कुमार, एडीईएन रॉकी तुहर, डीओएम प्रभाष राघव, एसएस जेपी सिंह आदि भी रहे। शाम 6:50 बजे 19 कोच की जीएम स्पेशल रोजा जंक्शन से रवाना हुई इसके बाद अधिकारियों ने चैन की सांस ली।
नरमू प्रतिनिधि मंडल ने जीएम को दिया ज्ञापन
रोजा। जीएम टीपी सिंह को नार्दर्न रेलवे मैंस यूनियन ने ज्ञापन दिया। इसमें रेल कर्मचारियों की तमाम समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। कहा गया है कि रेल कर्मचारियों को छोटे-मोटे मामलों में भी जांच के लिए मुरादाबाद जाना होता है। ऐसी व्यवस्था की जाए कि यह भाग दौड़ बच जाए। इसके अलावा रेल कॉलोनी में समस्याओं के बारे में भी बताया। जीएम टीपी सिंह ने शाहजहांपुर में हेल्थ यूनिट स्थापित करने की बात कही। गेट मैनों की ड्यूटी समेत कई और मांगे भी ज्ञापन में की गई है। ज्ञापन देने से पहले शाखा सचिव नरेंद्र त्यागी, रोजा शाखा सचिव अमित भागवत मिश्रा के नेतृत्व में रेल कर्मियों ने प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर मनीष सिंह, चंदन कुमार, रामनिवास दीवाने, रंजीत देशवाल, चंदा, अनिल कुमार, संदीप, शिवशंकर, शमीम अहमद, विनीत कुमार आदि रहे।