एक ही चिता पर पति-पत्नी का हुआ अंतिम संस्कार
शाहजहांपुर। तीन दिन पहले लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र में हुए हादसे में मौत का शिकार हुए पति-पत्नी के शव का शुक्रवार को कोरोकुइयां में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों को एक ही चिता पर लिटाकर मुखाग्नि दी गई तो हर शख्स की आंखे नम हो गईं। इस मौके पर विधायक रोशनलाल वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
सिंधौली क्षेत्र के गांव कोरोकुइयां निवासी नन्हेलाल और उनकी पत्नी निर्मला का शव लखीमपुर खीरी में पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार देर शाम को कोरोकुइयां आ पाया था, इसलिए शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई। गांव के बाहर शमशानघाट पर दोनों की एक ही चिता बनाई गई। बड़े बेटे अखिलेश ने माता-पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रसाद, अकरम खान, संजय सिंह, वसीम खां, नवी मोहम्मद, इबने अली, फुरकान, शब्बू आदि लोग शामिल रहे। बता दें कि नन्हें लाल और उनकी पत्नी निर्मला व रझौआ निवासी रामसागर के साथ मोहम्मदी तहसील में खेत का बैनामा कराकर वुधवार को बाइक से लौट रहे थे। मोहम्मदी रोड पर बरैंचा गांव के पास मैजिक से टक्कर हो जाने पर तीनों की मौत हो गई थीं।