कई बार चेन पुलिंग से चार घंटे लेट हुई बाघ एक्सप्रेस
एसी, स्लीपर कोच में चढ़ गए थे सेना भर्ती में जा रहे युवा
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। हावड़ा से काठगोदाम जा रही अप बाघ एक्सप्रेस सोमवार को बार-बार चेन पुलिंग होने से लेट-लतीफी का शिकार हो गई। सुबह करीब चार बजे शाहजहांपुर पहुंचने वाली यह ट्रेन सोमवार को सुबह आठ बजे के बाद चार घंटे की देरी से यहां पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को बरेली में सेना में भर्ती रैली होनी थी। समय से बरेेली तक पहुंचने के लिए हजारों युवा अप-13019 बाघ एक्सप्रेस में सवार होते गए। तमाम युवा ट्रेन के एसी और आरक्षित स्लीपर में भी घुस गए। इस दौरान काकोरी, संडीला, हरदोई समेत कई स्थानों पर ट्रेन को चेन पुलिंग करके रोक भी दिया। इससे ट्रेन लेट होती गई। ट्रेन के गार्ड खैराती लाल ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। कंट्रोल की सूचना पर संडीला स्टेशन के पास आरपीएफ ने मोर्चा संभला। इसके बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हो सकी। चेन पुलिंग की वजह से बाघ एक्सप्रेस करीब चार घंटे की देरी से शाहजहांपुर पहुंची।