शाहजहांपुर। पॉवर कारपोरेशन के सब स्टेशनों पर कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर ठेकेदारों के बजाय विभाग से सीधे वेतन भुगतान किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को काम बंद कर जेल रोड के सर्किल ऑफिस में सत्याग्रह किया। इस मौके पर हुई सभा में विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री की घोषणा के बावजूद सीधे वेतन भुगतान के संबंध में अब तक शासनादेश जारी नहीं होने पर रोष जताया।
सत्याग्रह में शामिल होने के लिए संविदा कर्मचारी अपने मूल तैनाती वाले बिजली उपकेंद्रों पर भी नहीं पहुंचे। गनीमत यह रही कि सत्याग्रह के दौरान शहर में कोई बिजली फाल्ट नहीं हुआ, वरना कर्मचारियों का विरोध विभाग पर भारी पड़ जाता। सभा की अध्यक्षता करते हुए संगठन के जोनल अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना ने कहा कि नौ मई को लखनऊ के गांधी सभागार मेें हुए सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री ने वेतन भुगतान विभाग के माध्यम से कराने की घोषणा की थी, लेकिन अब सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष मोहम्मद रफी ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के मांग पत्र के अनुरूप संविदा कर्मियों की मांगों का यदि जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो विभागीय कामकाज पूरी तरह ठप करके आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। बाद में अधीक्षण अभियंता आरके अग्र्रवाल को ऊर्जा मंत्री और पॉवर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपे गए। सत्याग्रह में राजेश कुमार, मुनीश पाल, दीपक श्रीवास्तव, अशोक, साबिर खां, मुनेंद्र सिंह, हरिपाल, मो. रफीक आदि शामिल रहे।