शाहजहांपुर। चिनौर स्थित होली एंजिल्स स्कूल का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां देख सभागार तालियाें से गूंजता रहा। अभिभावकों के साथ अतिथियों ने बच्चों की सराहना कर उनका उत्साह बढ़ाया।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेली मंडल के विशप एग्नेसियस डिसूजा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर ग्रेगरी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद बच्चों ने ईश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को गति दी। बूम-बूम प्रस्तुति से नन्हें-मुन्नों ने वाहवाही लूटी। समारोह की मुख्य प्रस्तुति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पर आधारित नृत्य नाटिका रही। मां शीर्षक पर आधारित नृत्य नाटिका में डॉ. कलाम के जीवन को दर्शाया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अदिति, शेजल, गुनगुन, लक्ष्मी, ऐनी, सार्थक मणिका, वैशाली आदि छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस मौके पर स्कूल के टॉपर्स नैनसी राठी, काव्य गंगवार को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य सिस्टर ऐनी थॉमस ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर प्रबंधक सिस्टर लता समेत अतिथियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।