पुवायां (शाहजहांपुर)। उत्तर प्रदेश फसल ऋण मोचन योजना के तहत शनिवार को नगर में पुवायां इंटर कॉलेज के मैदान पर कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रीय विधायक चेतराम और निगोही के विधायक रोशनलाल वर्मा ने तहसील क्षेत्र के 4261 किसानों को कर्ज माफी के प्रमाणपत्र वितरित किए।
भाजपा के जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चेतराम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों के हितों के लिए तमाम योजनाएं चलाई हैं। इनका उन्हें लाभ मिल रहा है। प्रदेश सरकार ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला लिया है। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। विधायक रोशनलाल वर्मा ने कहा कि जब से प्रदेश में योगी सरकार आई है भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। सरकार की ओर से तमाम योजनाओं के माध्यम से मिलने वाला धन अब पात्रों के खाते में सीधे जा रहा है। इस दौरान पुवायां तहसील क्षेत्र के 4261 किसानों को तीस करोड़ 15 लाख 68 हजार रुपये की कर्ज माफी के प्रमाणपत्र दिए गए। इस दौरान एसडीएम मोइन उल इस्लाम, तहसीलदार कृष्णमुरारी दीक्षित, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रताप, विधानसभा प्रभारी श्यामनारायन मिश्रा, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन डा. सुधीर गुप्ता, दिनेश अवस्थी सहित तमाम किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश शुक्ला ने किया।
00
आढ़ती और किसान हुए सम्मानित
पुवायां। पुवायां इंटर कालेज के मैदान पर हुए कर्ज माफी के प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम में मंडी समिति की ओर से विधायक चेतराम ने किसानों को जागरूक करने के लिए भाकियू के तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव और गांव नत्थापुर के किसान अशोक सिंह, मंडी में अच्छा कार्य करने पर आढ़ती सुबोध वर्मा और अंबरीष रस्तोगी को सम्मानित किया।