फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: रोज निकल रहा 130 टन कूड़ा, निस्तारण सिर्फ चार टन का...वह भी महीने भर से बंद

Fri, 27 Dec 2024 12:52 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
ककरा ​स्थित डंपिंग ग्राउंड में जलता कूड़ा। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शहरभर से रोजाना निकलने वाले करीब 130 टन कूड़े को ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। इसमें से सिर्फ चार टन का निस्तारण हो पा रहा था। यह भी एक महीने से बंद है। कूड़े में समय-समय से आग लगा दिए जाने से मोहल्ले के लोग परेशान हो गए हैं।
विज्ञापन

नगर निगम की ओर से ककरा में पुराना बूचड़खाना के सामने डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। यहांं पर शहरभर का कूड़ा लाकर डाला जा रहा है। यह प्रक्रिया लगातार कई सालों से चलने के कारण कूड़े के ऊंचे पहाड़ खड़े हो गए हैं। इस कूड़े में आए दिन आग लग जाती है, जिसका धुआं आसपास के मोहल्लों तक पहुंचता है। क्षेत्रवासियों द्वारा नगर आयुक्त को कई बार ज्ञापन देकर समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की गई लेकिन समस्या अब तक जस की तस बनी हुई है। ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास ही नगर निगम की ओर से मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का संचालन किया जा रहा है। इस एमआरएफ सेंटर की क्षमता काफी कम है। यहां पर सिर्फ चार टन कूड़ा का ही निस्तारण हो पाता है। कार्यदायी संस्था का अनुबंध समाप्त हो जाने के कारण कूड़ा निस्तारण भी पिछले एक महीने से बंद चल रहा है। ऐसे में पिछले एक महीने में 3900 टन कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में बढ़ चुका है।
-
डोर-टू-डोर कूड़ा उठान प्रभावित, सभी वार्डों में मोहल्ला समितियां गठित नहीं
- नगर निगम की ओर डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की प्रक्रिया शुरू करवाई गई थी। इसके लिए ट्रिपल एम इंडिया कंपनी को ठेका दिया गया था। कंपनी द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और प्रत्येक घर से सुविधा शुल्क प्राप्त करने में लापरवाही बरते जाने की शिकायत पर निविदा समाप्त कर दी गई। करीब डेढ़ साल से दोबारा निविदा नहीं की गई। इसकी वजह से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान बंद हो गया। वर्तमान में उन ही मोहल्लों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान हो रहा जिनमें मोहल्ला समितियां गठित की गईं हैं। अब तक केवल 30 समितियां गठित की गईं हैं। ये समितियां महज 10-12 वार्डों में गठित हैं। 50 वार्डों में मोहल्ला समितियों का गठन भी नहीं हुआ है। ऐसे में लोग अपने घर व प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कूड़ा सड़क पर फेंक देते हैं। इस वजह से शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे दिखाई देते हैं।
विज्ञापन

-
पांच एमआरएफ सेंटरों का नहीं हो सका संचालन
ककरा में स्थापित एमआरएफ सेंटर पर सिर्फ चार टन कूड़े का निस्तारण रोजाना हो पाता है। इसको ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर पांच स्थानों पर एमआरएफ सेंटरों का निर्माण करवाया गया है, लेकिन अभी इनका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसका कारण बिजली का कनेक्शन न होना बताया जा रहा है। ये एमआरएफ सेंटर खिलौली, चिनौर, अहमदपुर न्याजपुर, अजीजगंज और सतवां में बनाए गए हैं।
-

ककरा में स्थित डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जाने वाला कूड़ा आए दिन जलता रहता है। इससे उठने वाला धुआं हमारे मोहल्ले तक आता है। इसकी वजह से बहुत दिक्कत होती है। लोगों को सांस से जुड़ी दिक्कत हो रही है। जब हम यहां पर रहने आए थे, तब डंपिंग ग्राउंड नहीं था। - जाने आलम, मामूड़ी
-

घर के पीछे ही डंपिंग ग्राउंड है, जहां पर शहरभर से कूड़ा लाकर डाला जाता है। इसकी वजह से बहुत ज्यादा दिक्कत होती है। जिला प्रशासन व नगर निगम से मांग है कि इस कूड़े को हटवाया जाए या फिर किसी बेहतर तरकीब को अपनाकर निस्तारण करवाया जाए, जिससे राहत मिले। - मोहम्मद अख्तरउद्दीन कादरी, ककरा
-

वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नहीं हो पा रहा। इसका कारण नगर निगम द्वारा अब तक किसी कार्यदायी संस्था के नाम टेंडर न किया जाना है। इसके लिए कई बार महापौर व नगर आयुक्त से मांग की है। मोहल्ला समिति का गठन भी सिर्फ सिटी पार्क में हो पाया है। - रुपेश कुमार वर्मा अन्नू, पार्षद, वार्ड लोधीपुर
-

नगर निगम के अधिकारियों द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की जिम्मेदारी मोहल्ला समितियों को दिए जाने की बात कही जा रही है। लेकिन इनका सभी वार्डों में गठन ही नहीं हो पाया है। अपने वार्ड में हम नगर निगम के कर्मचारियों से ही कूड़ा उठान करवाते हैं। - रामबरन सिंह चंदेल, पार्षद, वार्ड बृज विहार


सूखे कूड़े के निस्तारण का प्लांट पिछले एक महीने से बंद है, लेकिन गीले कूड़े वाला चल रहा है। निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जल्द ही बंद प्लांट भी चालू हो जाएगा। खिलौली समेत पांच स्थानों पर एमआरएफ सेंटर का निर्माण लगभग पूरा है। इनको चालू करवा दिया जाएगा। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए निविदा की प्रक्रिया महीने भर में पूरी करा लेंगे। मोहल्ला समितियों के गठन की प्रक्रिया भी चल रही है। - डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त शाहजहांपुर।

ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में जलता कूड़ा। संवाद

ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में जलता कूड़ा। संवाद

ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में जलता कूड़ा। संवाद

ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में जलता कूड़ा। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें