शाहजहांपुर। बारिश के बाद जिले में मलेरिया ने एक बार फिर लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुखार के मरीजों की जांच का दायरा बढ़ाए जाने के बाद नए मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। अगस्त के पहले 12 दिनों में 13 नए मरीज मिले हैं, जबकि जनवरी से अब तक जिले में 176 मलेरिया रोगियों की पुष्टि हो चुकी है।
बारिश के बाद बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य इकाइयों में संदिग्ध मरीजों की जांच तेज कर दी गई। इसके चलते मलेरिया के मामलों में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से 20 जुलाई तक करीब 1.35 लाख लोगों की जांच की गई थी। अब गांवों और स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जांच अभियान को गति दी गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्य ने बताया कि बुखार के प्रत्येक संदिग्ध मरीज की जांच कराई जा रही है। गर्भवती महिलाओं की भी प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस गांव में मलेरिया का मरीज मिलता है, वहां विशेष सर्वे और जांच अभियान चलाया जाता है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार आने पर तुरंत जांच कराने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। संवाद