शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए जिले में 128 केंद्र फाइनल कर दिए गए हैं। केंद्रों को लेकर आई आपत्तियों के निस्तारण के बाद बृहस्पतिवार शाम अंतिम सूची जारी कर दी गई। परीक्षा केंद्रों की संख्या में लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जिले के करीब 375 स्कूलों का डाटा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। इसके आधार पर पहले 127 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए थे। सूची जारी होने के बाद बोर्ड ने ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं। इस दौरान 105 आपत्तियां प्राप्त हुईं। जिला स्तरीय कमेटी ने इनका निस्तारण कर रिपोर्ट परिषद को भेज दी थी। इसके बाद 128 केंद्रों की सूची जारी की गई थी।
परिषद ने स्पष्ट किया था कि केंद्रों की संख्या बढ़ाई या घटाई नहीं जाएगी। हालांकि, केंद्रों से जुड़ी अन्य समस्याओं के संबंध में 21 नवंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थीं। इस अवधि में 21 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनके निस्तारण के बाद बृहस्पतिवार शाम अंतिम रिपोर्ट जारी कर दी गई।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 128 केंद्रों पर कराई जाएगी। बोर्ड ने केंद्रों की संख्या में बदलाव नहीं किया है।