पुवायां (शाहजहांपुर)। अखिल भारतीय प्रधान संगठन और भाकियू भानु गुट की संयुक्त ग्राम स्वराज जागृति अभियान यात्रा लखीमपुर से पुवायां पहुंची। जिले भर से आए प्रधानों ने यात्रा के साथ चले रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह का भव्य स्वागत किया।
इसके बाद एक मैरिज लान में आयोजित सभा में जितेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधान एकजुट हो जाएं तो अधिकारी उनकी बात सुनने को बाध्य होंगे। सभी प्रधान एकजुट रहें और समस्याओं से अवगत कराएं। हर हालत में समाधान कराया जाएगा। जो अधिकारी प्रधानों की नहीं सुनेगा, उसे टिकने नहीं दिया जाएगा। भानुप्रताप सिंह ने कहा कि प्रधान और किसान एक हो गए हैं। इससे प्रशासन जागेगा और समस्याओं से निजात मिलेगी। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन मिश्रा, संतोष यादव, जिलाध्यक्ष पवन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने प्रधानों को बताया कि संगठन की ओर से 27 फरवरी को लखनऊ में रैली का आयेाजन किया गया है। सभी प्रधान भारी संख्या में रैली में भाग लेकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाएं।
भाकियू के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव, अरविंद मिश्रा, संतोष राठौर, संजीव मिश्रा, ब्रह्मानंद मिश्रा, अधीर शुक्ला, प्रवीण मिश्रा आदि ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर धीरज मिश्रा, वेदपाल सिंह, बलकार सिंह, प्रद्युम्नशंकर शुक्ला, पवन त्रिवेदी सहित तमाम प्रधान मौजूद रहे।