चौक कोतवाली के एक मोहल्ले में शुक्रवार रात एक युवक पड़ोसी की छत पर पहुंच गया। वहां बने एक कमरे में मौजूद किशोरी का मुंह दबा उससे दुष्कर्म किया। किशोरी के चीखने पर परिवार वाले जाग गए। इस पर युवक किशोरी को छत से फेंक कर भाग गया। जिससे किशोरी घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।
पीड़ित किशोरी के पिता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसके पड़ोस में रहने वाला 22 वर्षीय युवक परचून की दुकान चलाता है। कक्षा दस की छात्रा किशोरी के पिता का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 12:15 बजे राजा दीवार फांद कर उनके घर में घुस आया। उसके दो साथी घर के पास मौजूद रहे। जिस समय राजा घर में घुसा उस समय किशोरी छत पर बने एक कमरे में थी। आरोप है कि राजा छत पर पहुंच गया और किशोरी का मुंह दबा कर उससे साथ दुष्कर्म किया। चीखने पर परिवार वाले जाग गए। उन्होंने शोर मचाया। जाग होने पर राजा किशोरी को छत से धक्का देकर दोनों साथियों के साथ भाग गया। छत से गिरने के कारण उसकी पुत्री के सिर और पैरों में गंभीर चोट आई हैं। रात में ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक व उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की कार्रवाई भी की गई है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। सीओ सिटी ब्रह्मपाल सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर छात्रा से और उसके परिवार वालों से बात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपेर्ट दर्ज कर ली गई है। अस्पताल में भर्ती छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। छात्रा की हालत में सुधार होने पर उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
- दिनेश त्रिपाठी, एसपी सिटी