खुटार (शाहजहांपुर)। पंजा दिखाकर गुलदार के शिकार का दावा करने वाला रोशनलाल बृहस्पतिवार को गांव आया लेकिन वनकर्मियों के छापा डालने से पहले ही घर से भाग निकला। उसकी तलाश में कई घरों में तलाशी ली गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
गांव लुकटहा के रोशनलाल ने 18 जनवरी को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके गांव के सात लोगों ने मिलकर 15 दिन पूर्व एक गुलदार को मार डाला है। उसने एक वन्यजीव का पंजा दिखाते हुए एक गुलदार का कुछ लोगों द्वारा शिकार करने का दावा भी किया था। आरोप है कि शिकारियों के परिवार की महिलाओं ने रोशनलाल को पीटकर पंजा छीनकर गायब कर दिया था। मामले का खुलासा होने से वन विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई थी। इसके बाद से ही तमाम अधिकारी रोजाना गांव पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं। रोशनलाल भी 19 जनवरी की सुबह से गायब है।
रेंजर रणवीर मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि रोशनलाल बुधवार रात अपने घर वापस आ गया है। सूचना पर वह वन विभाग की टीम को साथ लेकर गांव पहुंचे, लेकिन वन विभाग की टीम आने की जानकारी मिलते ही रोशनलाल फरार हो गया। गांव में काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में नामजद अन्य लोगों की तलाश भी की गई, लेकिन कोई भी वनकर्मियों के हत्थे नहीं चढ़ सका।