अल्पसंख्यकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
विकास भवन सभागार में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर संगोष्ठी
शाहजहांपुर। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को विकास भवन कार्यालय में विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस मनाया गया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में अल्पसंख्यक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने देश के विकास में अल्पसंख्यकों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें विभिन्न योजनाओं में प्राथमिकता दिए जाने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अल्पसंख्यकों के कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और उनका लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसी अवसर पर कई मदरसों के सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
डीएम ने कहा कि अल्पसंख्यकों को उनके अधिकारों का बोध कराने के लिएयह दिवस मनाया जाता है। जिन विभागों के माध्यम से अल्पसंख्यकों के लिए योजनाएं संचालित हो रही हैं, उन्हें अपने कार्यों से यह दिवस रोज मनाने की आदत डालनी चाहिए। इसके लिए अल्पसंख्यकों के कल्याण की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही मदरसों के छात्र-छात्राओं को शासन से घोषित जूते, मोजे, स्वेटर वितरण की योजना का लाभ जल्द दिया जाना चाहिए। इसके लिए डीएम ने बीएसए को शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए।
सेंट रॉफेल चर्च के पादरी फादर ग्रेगरी यस्करेनस ने कहा कि समाज में मानव के नाते हमें एक-दूसरे के सुख-दुख और उनके प्रति कर्तव्य भावना को मजबूत बनाना चाहिए। मदरसा के प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने कहा कि देश के विकास में अल्पसंख्यकों के योगदान को कोई नकार नहीं सकता। शायर राशिद हुसैन राही और मौलाना अलीमुद्दीन ने गजलें प्रस्तुत कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसी कड़ी में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी हरीश कुमार और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मकरंद प्रसाद ने अल्पसंख्यकों के लिए विभागीय योजनाओं का ब्यौरा दिया।
इससे पूर्व, गोष्ठी का शुभारंभ कारी सआदत ने कुरान पाक की तिलावत से किया। इसी मौके पर डीएम ने विभिन्न मदरसों से सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों मोहम्मद अकरम, मोहम्मद अजीम, एजाज अहमद, सगीर अहमद, तौहीद अहमद आदि को अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां के संचालन में हुई गोष्ठी में हाफिज मो. अयूब, अकील अहमद,जहूर अहमद, इजहार हसन, रिजवान अत्तारी, शारिक अली खां आदि मौजूद रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मकरंद प्रसाद ने सभी का आभार व्यक्त किया।