0 वृद्ध की हालत गंभीर, भेजा जिला अस्पताल
0 पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ा
खेत से सांड़ भगाने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों ने किशोर, उसकी मां और बाबा को लाठियों और तमंचे की बट से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाबा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, लेकिन पुलिस ने मामले में सिर्फ एनसीआर ही दर्ज की है।
गांव उबरिया निवासी सावित्री देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया रविवार को उनके खेत में कई सांड़ घुस आए और गेहूं की फसल चरने लगे। जानकारी पाकर बेटा श्रवण कुमार सांड़ भगाने गया तो सांड़ भागकर पड़ोसी के खेत में जा पहुंचे। इस बात को लेकर पड़ोसी खेत स्वामी लालजीत ने श्रवण को पीटकर घायल कर दिया।
जानकारी पाकर वह लालजीत के घर शिकायत करने गई तो लालजीत गाली गलौज करने लगा। इस पर वह घर चली आई। पीछे से लालजीत, लालबहादुर, सोनू और राहुल तमंचा, लाठी आदि लेकर उसके घर में घुस पड़े और श्रवण के साथ ही उसे भी पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसके ससुर 70 वर्षीय नरायनलाल बचाने आए तो उन्हें भी लाठी और तमंचे की बट से पीटकर गंभीर घायल कर दिया गया। शोर होने पर आरोपी धमकी देते हुए चले गए। परिवार के लोग घायलों को बंडा सीएचसी ले गए, जहां से नरायनलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया है।