शाहजहांपुर। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नए साल में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मुफ्त में हाई स्पीड इंटरनेट सेवा मिलने लगेगी। दिल्ली से पहुंची गूगल की तकनीकी टीम ने स्टेशन को वाईफाई करने के लिए काम शुरू कर दिया है। अगले तीन दिन में काम पूरा होने के बाद ट्रायल होगा। उम्मीद है कि नए साल में यात्रियों को वाईफाई सेवा मिलने लगेगी।
रेलवे और गूगल के बीच देश के ए ग्रेड रेलवे स्टेशनों को वाईफाई करने के लिए करार हुआ था। पहले चरण में देश के करीब 100 स्टेशनों पर गूगल की ओर से यह सेवा दी जाने लगी है। दूसरे चरण में शाहजहांपुर स्टेशन को भी वाईफाई किया जा रहा है। गूगल की तकनीकी टीम ने शनिवार को स्टेशन पर कई उपकरण भी लगा दिए। रेलवे स्टेशन पर करीब 70 मीटर एरिया में यात्री मुफ्त हाई स्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। गूगल की ओर से रेलवे स्टेशन पर वाईफाई हॉटस्पॉट बूथ स्थापित किया जा रहा है। इससे रेलवे स्टेशन पर सरकारी योजनाओं सहित ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने में यात्रियों को मदद मिलेगी। रेलवे ने स्टेशनों को वाईफाई करने की इस योजना को रेलवायर साथी नाम दिया है। यह सर्विस डिजिटल इंडिया के लिए पीसीओ की तरह काम करेगी। इस सेवा से उपभोक्ताओं को ई-कॉमर्स, ऑनलाइन बैंकिंग, ट्रेन के लिए ई टिकटिंग और बस सेवाओं जैसी अन्य सेवाओं का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
गूगल की टीम पहुंच चुकी है। स्टेशन पर वाईफाई हॉटस्पॉट बूथ बनाने का काम किया जा रहा है। तीन से चार दिन में काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रायल होगा। नए साल में यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर मुफ्त हाई स्पीड इंटरनेट सेवा मिलने लगेगी।
-ओम शिव अवस्थी, स्टेशन अधीक्षक