मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव हरिहरपुर दक्षिणी में रविवार रात प्रियांक राइस मिल की ड्रायर मशीन में अचानक आग लगने से सैकड़ों कुंतल धान जल गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल यूनिट की चार गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
मिल स्वामी मोहल्ला कायस्थान निवासी मनोज गुप्ता और रवि गुप्ता रविवार रात करीब नौ बजे नमी वाले धान को सुखाने के लिए ड्रायर मशीन में डलवाकर घर चले गए। मिल में चौकीदार भगत सिंह जाग रहा था, उसने ड्रायर मशीन से रात करीब 3:15 बजे तेज धुएं के साथ ही आग की लपटें उठती देखी तो उसने अन्य कर्मचारियों को जानकारी दी। आग की लपटें तेज होते देख उसने मिल स्वामी मनोज गुप्ता को ड्रायर मशीन में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह कुछ ही देर में मिल पहुंच गए और यूपी 100 डायल पर कॉल करके मिल में आग लग जाने की सूचना दी। इसी बीच आस-पास गांव के तमाम लोग भी आ गए। सूचना पर तिलहर से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तेज लपटों के आगे दमकल यूनिट को आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। फिर मिल स्वामी ने शाहजहांपुर फोन करके तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और मंगाई, तब फिर करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मिल स्वामी के अनुसार ड्रायर मशीन में नमी वाले धान को आग जलाकर गरम हवा के जरिए सुखाया जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान निकली चिंगारी से ड्रायर मशीन में आग लग गई। मिल स्वामी ने आग से करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान होना बताया है।