शाहजहांपुर। सिंधौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुरछा में आवासों समेत अन्य विकास योजनाआें में सरकारी धन का दुरुपयोग कर गबन किए जाने के मामले की अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। पिछले दिनों आवास के कई पात्र ग्रामीणों ने डीएम नरेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन देकर ग्राम प्रधान पर सरकारी धन के दुरुपयोग और धन उगाही के गंभीर आरोप लगाए थे। इस संबंध में जिला बंदोबस्त अधिकारी ने क्षेत्रीय कानूनगो और प्रभारी एडीओ पंचायत के साथ गांव जाकर शिकायतकर्ताओं से बात की और उनके बयान कलमबंद किए।
ग्राम मुरछा निवासी रामरूप, महेंद्र कुमार, संजय कुमार, रामदेव, मुनक्के लाल, रामसुहारे, प्रमोद, विजनेश आदि ने डीएम को ज्ञापन देकर ग्राम प्रधान अरुण दीक्षित पर प्रधानमंत्री योजना के आवास स्वीकृत कराने को हजारों रुपये की उगाही करने के साथ चारागाह की समतल जमीन पर मनरेगा से तालाब खुदवाने, मस्टर रोल में फेरबदल कर पसीना बहाने वालों को मजदूरी से वंचित रखने, पंचायत निधि से मार्ग निर्माण में धांधली करने, हैंड पंपों की फर्जी मरम्मत कराने आदि आरोप लगाए थे। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की दबंगई के कारण इन मामलों की जांच के बजाय उन्हें ब्लॉक स्तर पर दबाया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने ग्रामीणों को जांच कराने का भरोसा दिया था। डीएम के निर्देश पर जिला बंदोबस्त अधिकारी राम किशोर ने प्रभारी एडीओ पंचायत सुरेश शुक्ला और कानूनगो के साथ गांव जाकर स्थलीय निरीक्षण किया और शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए।