शाहजहांपुर। परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह स्टेडियम में चल रही प्रादेशिक सब जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता में सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। मैच के सेमीफाइनल में बनारस, कानपुर, आगरा और गोरखपुर की टीमें पहुुंच गईं।
पहले ही क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बनारस मंडल की टीम ने फैजाबाद को शून्य के मुकाबले 21 गोल से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में धमाकेदार ढंग से प्रवेश किया। बनारस की ओर से चांदनी, मानसी, खुशी का खेल खूब सराहा गया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कानपुर ने बरेली को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। सेमीफाइनल के लिए तीसरा मुकाबला गोरखपुर और विंध्याचल मंडल के बीच हुआ, जिसमें गोरखपुर ने 2-0 से जीत दर्ज की। इसी तरह अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच इलाहाबाद और आगरा को मध्य खेला गया, जिसमें आगरा ने भी शून्य के मुकाबले दो गोल से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल खेलने का अधिकार हासिल किया। इस मैच का निर्णय टाई ब्रेकर से किया गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि मंगलवार को पहला सेमीफाइनल मैच बनारस और कानपुर के बीच तथा दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आगरा और गोरखपुर के बीच खेला जाएगा। क्वार्टर फाइनल मैचों में रेफरी की भूमिका अयूब शाह, इफ्तिखार, राजा उल्लाह, रतन सिंह, अजय यादव, अभिषेक रावत, अमित कुमार, संजीव कुमार, कौशल किशोर, रीना कुमारी, ब्यूटी केसरी, माधुरी देवी ने निभाई।