तिलहर। जयपुर के कोटा से चार बसों से आए 120 छात्र-छात्राओं का बंथरा के वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में स्क्रीनिंग और रैपिड टेस्ट किया गया। जिले में विभिन्न स्थानों पर रहने वाले यह छात्र कोटा में पढ़ाई करने के लिए गए हुए थे। उन्हें बसों के द्वारा लाकर चेकअप के बाद उनके घरों तक पहुंचा दिया गया है।
कोटा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई और तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के सामने खाने-पीने की समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने रोडवेज बसें भेजकर उन्हें लाने और गंतव्य स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की थी। रविवार को चार बसों से जिले के छात्र-छात्राएं भी यहां पहुंच गए। पूर्वाह्न 11:30 बजे पहली रोडवेज बस फर्रुखाबाद जैतीपुर मार्ग से तिलहर होकर वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज पहुंची। इसमें 30 छात्र-छात्राएं थे, बस को सीधे कॉलेज के अंदर ले जाया गया। इसके बाद फर्रुखाबाद से जलालाबाद होते हुए रोडवेज की दूसरी बस दोपहर लगभग एक बजे और तीसरी रोडवेज बस लगभग डेढ़ बजे निगोही से तिलहर होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंची। इसके कुछ देर बाद चौथी बस भी कॉलेज पहुंच गई। सभी बसों में कुल 120 छात्र-छात्राएं लाए गए।
बसों से पहले पहुंचे अधिकारी
छात्रों को लेकर आने वाली बसों से पहले सुबह लगभग 9:30 बजे एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम, एसडीएम तिलहर सौरभ गंगवार, सीओ मंगल सिंह रावत, सीएमओ डॉ. राजीव कुमार समेत तमाम प्रशासनिक अमला मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। अधिकारियों की मौजूदगी में ही सभी छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग और रैपिड टेस्ट कराया गया। इसके बाद सभी को उन्हीं बसों से उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।
कोटा से आने वाले 120 छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग और रैपिड टेस्ट किया गया। जांच में किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भेज दिया गया है।
- डॉ. अभय सिन्हा, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज