शाहजहांपुर। गर्मी के साथ ही बिजली की मांग बढ़ गई है। 24 घंटे में जिलेभर में 12 ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग की वजह से फुंक गए। इससे कई जगह बिजली संकट गहरा गया। निगोही रोड उपकेंद्र पर फाल्ट होने से सुबह-सुबह 35 सौ घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
निगोही रोड उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार रात 9:40 बजे पंचपीर मजार के पास ओवरलोडिंग के चलते तार टूटकर गिर गया। इससे ट्रांसफार्मर की लीड जल गई। सूचना पर उपकेंद्र से शटडाउन लेकर कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक किया। इस बीच करीब डेढ़ घंटे तक लोग बिजली नहीं आने से परेशान रहे।
करीब साढ़े चार बजे हाथीथान के पास तारों के आपस में टकराने से निसरजई फीडर ट्रिप हो गया। बिजली जाने से लोगों की नींद खुल गई। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर कॉल की। वहां से उन्हें कोई सटीक जानकारी नहीं मिली। करीब डेढ़ घंटे के बाद बिजली आने से लोगों ने राहत की सांस ली।
रीवैंप योजना के कार्य पूरे नहीं होने से आ रही दिक्कत
-बिजली की ओवरलोडिंग को खत्म करने के लिए रीवैंप योजना से कार्य कराने के लिए बजट जारी किया गया था, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण काम समय से पूर्ण नहीं हो सका। ऐसे में गर्मी में एक बार फिर से उपभोक्ता ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली संकट से जूझने लगे हैं।
पुवायां के ढका घनश्यामपुर के दो, जलालाबाद के अफि्तयारपुर का दस केवीए का एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मदनापुर के गांव बिलसियां में दस केवी, मोहनपुर में 25 केवीए, जैतीपुर के मरुआ झाला में 25 ओर घनश्यामपुर में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हुआ।
पुवायां के ग्रामीण इलाकों में 25-25 केवी के दो, जैतीपुर के रुद्रपुर में 25 केवी का एक नलकूप के ट्रांसफार्मर खराब होने पर वर्कशॉप लाया गया। जेई केके पटेल ने बताया कि 12 ट्रांसफार्मरों को बदलकर दूसरा लगवाकर ग्रामीणों को आपूर्ति दी गई है।