पुलिस को नहीं मिले जानलेवा हमले के आरोपी सगे भाई
शाहजहांपुर। शाह क्लब में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान तीन दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में विशाल विद्यार्थी को गोली मारने में नामजद सगे भाइयों मनीष व ऋषि कालरा को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई है। वहीं घटना में शामिल एक अज्ञात का भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस ने मौके की वीडियो क्लिप भी जुटाई है, लेकिन वीडियो फुटेज धुंधली होने के कारण घटना से जुड़ी बहुत से तथ्य स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
बता दें कि 27 जनवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तारीन टिकली निवासी राजकुमार सक्सेना की बेटी के वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान रामनगर कॉलोनी निवासी मनीष कालरा व कटिया टोला निवासी अभय गुप्ता के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान जमकर फायरिंग हुई थी। इसमें बहादुरगंज निवासी विशाल विद्यार्थी गोली लगने से घायल हो गया था। विद्यार्थी की मां मीता गुप्ता ने इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मनीष कालरा और उसके भाई ऋषि कालरा व एक अज्ञात पर हत्या प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ सिटी ब्रह्मपाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके से खोखा कारतूस बरामद करने के साथ ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले। इसके अलावा पुलिस ने कुछ संदिग्ध स्थानों पर भी दोनों की तलाशी में छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि पुलिस ने इस दौरान वीडियो फुटेज जुटाकर अज्ञात व्यक्ति के बारे में भी जानकारी की, लेकिन वीडियो फुटेज धुंधली होने की वजह से अज्ञात की पहचान नहीं हो पाई और आस-पास दिख रहे लोगों की भी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस यह मानकर चल रही है कि आस-पास मौजूद लोगों की पहचान हो जाने से उनसे संपर्क करके वह चीजें भी स्पष्ट हो जाएंगी कि आखिर मौके पर झगड़े की मुख्य वजह क्या बनीं थी।
शाह क्लब में विशाल विद्यार्थी को गोली मारने में नामजद लोगों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। उम्मीद है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे। इसके लिए प्रयास जारी है। मौके की वीडियो फुटेज भी जुटाई गई है, लेकिन धुंधली होने की वजह से बहुत कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। साफ वीडियो फुटेज जुटाई जा रही है।
राम मेहर सिंह, विवेचक