फोटो-32,तिलहर में गणपति मूर्ति विसर्जन को लेकर निकाली गई शोभायात्रा में भक्तगण।
गर्रा नदी में गणेश प्रतिमाएं विसर्जित
गणपति बप्पा मोरया जय घोष के साथ निकली शोभायात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के साथ भक्तों ने गणपति बप्पा को भव्य विदाई दी। रंग गुलाल खेलते हुए गर्रा नदी में बप्पा की प्रतिमाओं को भाव पूर्ण ढंग विसर्जित किया गया। इस दौरान भक्तों ने भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया।
नगर के मोहल्ला कुंवरगंज स्थित श्रीबांके बिहारी मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणपति बप्पा के लिए पंडाल लगाकर गणपति की भव्य प्रतिमा दस दिनों के लिए स्थापित की गई। पंडित नवनीत शर्मा के सानिध्य में प्रतिदिन सुबह शाम पूजा अर्चना, भजन कीर्तन आयोजित हुआ। रविवार को पूजा अर्चना एवं भोग अर्पण के बाद भगवान गणेश जी को विदाई देने के लिए भक्तगण बांके बिहारी मंदिर पर एकत्र हुए और भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकली। जिसमें युवक, युवतियां, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे डीजे की धुन पर थिरकते रंग गुलाल उड़ाते चल रहे थे। रास्ते में मटकी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। शोभा यात्रा प्रमुख मार्गों से होती हुई धर्मशाला पहुंची। यहां भोग लगाने के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसके बाद गणेश प्रतिमा को गर्रा घाट पर भक्तों ने विसर्जित कर दिया। इस मौके पर संजय मराठा, गोपी मराठा, प्रदीप गुप्ता, पकंज गुप्ता, सुधीर गुप्ता आदि भक्तजन मौजूद रहे।