सीतापुर ब्रांच लाइन पर पेड़ गिरने से ओएचई लाइन टूटी
इलेक्ट्रिक इंजन हटाकर डीजल इंजनों से चलीं रेलगाड़ियां
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-सीतापुर ब्रांच लाइन पर शनिवार को बारिश की वजह से पेड़ गिरने से रेलवे की ओएचई लाइन टूट गई। इससे ट्रैक पर रेलगाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। बाद में शाहजहांपुर-सीतापुर के बीच चलने वाली ट्रेनों से डीजल इंजन जोड़कर चलाया गया।
बारिश का असर रेलगाड़ियों पर भी दिखने को मिल रहा है। शाहजहांपुर-सीतापुर ब्रांच लाइन पर ज्यादातर इलेक्ट्रिक इंजन वाली रेलगाड़ियों का संचालन होता है। शनिवार सुबह ब्रांच लाइन पर गांव हेमपुर के पास पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में रेलवे की ओएचई लाइन आकर टूट गई। इससे इलेक्ट्रिक इंजन से चलने वाली ट्रेनों का संचालन बंद हो गया। अप और डाउन दोनों रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। ट्रेनों को ब्रांचलाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन हटाकर डीजल इंजन से चलाया गया।
बनतारा के पास रेल प्वाइंट फेल
रोजा। बनतारा के पास रेल ट्रैक का प्वाइंट फेल होने की वजह से कई रेलगाड़ियां प्रभावित हुई। शनिवार को ट्रेन के प्वाइंट ने शाम 5:20 बजे काम करना बंद कर दिया। ऐसे में गोरखपुर पैसेंजर और दुर्गयानी एक्सप्रेस को खड़ा रहना पड़ा। शाम करीब छह बजे प्वाइंट को दुरुस्त किया जा सका। करीब 40 मिनट का प्वाइंट खराब करने से चार रेलगाड़ियों की रफ्तार प्रभावित हुई। रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पर जल भराव होने की वजह से अक्सर इस तरह की समस्याएं आ जाती हैं।
प्रेशर जाम होने से ट्रैक पर फंसी मालगाड़ी
रोजा। मालगाड़ी का प्रेशर जाम होने से ट्रेन करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर फंसी रही। वाक्या शनिवार सुबह गेट नंबर 318 अटसलिया के पास हुआ। गार्ड और लोको पायलट ने बाद में प्रेशर पाइप ठीक किया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। करीब 15 मिनट मालगाड़ी के खड़े रहने से ट्रैक ब्लॉक रहा। पीछे से आने वाली रेलगाड़ियां भी इससे प्रभावित हुईं।
चेन पुलिंग कर रोकी मालदा टाउन एक्सप्रेस
रोजा। मालदा टाउन एक्सप्रेस की शनिवार सुबह करीब 9:56 बजे अटसलिया के पास किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। इससे ट्रेन रुक गई। करीब 10 मिनट के बाद ट्रेन फिर से चली तो चेन पुलिंग करने वाले के बारे में पता नहीं चल सका है। आरपीएफ ने चेन पुलिंग करने वाले की तलाश भी की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा।