ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर युवक की मौत
फोटो-27,निगोही के संडा खास चौराहे के पास गड्ढे में पलटा पड़ा ट्रैक्टर ।
अमर उजाला ब्यूरो
निगोही। तेज गति से जा रहा ट्रैक्टर असंतुलित होकर गड्ढे में पलट गया। इससे ट्रैक्टर के नीचे दब कर युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के गांव बजीरापुर निवासी 22 वर्षीय सरदार विक्की धान की फसल की रोपाई करने के लिए खेत में पलेवा करने को ट्रैक्टर लेकर घर से बुधवार सुबह 10 बजे चला। ट्रैक्टर में डीजल कम था, इसलिए वह ट्रैक्टर को लेकर शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग गांव संडा खास पेट्रोल पंप पर आया और डीजल डला कर यहां से खेत के लिए चला। संडा खास चौराहे से मुड़ कर गांव बजीरापुर लिंक मार्ग पर पचास मीटर की दूरी पर पहुंचा ही था, कि ट्रैक्टर तेज गति होने के कारण असंतुलित होकर गड्ढे में पलट गया और ट्रैक्टर चालक विक्की उसके नीचे दब गया। चौराहे पर खड़े तमाम लोगों ने घायल विक्की को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। उसे उपचार के लिए सीएचसी लाया गया लेकिन यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।