भारी पुलिस फोर्स के साथ सिटी मजिस्ट्रेट ने की कार्रवाई
नजूल की भूमि पर 1903 से कराए जा रहे थे हॉकी टूर्नामेंट
शाहजहांपुर। प्रशासन ने बृहस्पतिवार शाम भारी पुलिस फोर्स के साथ टाउनहॉल हॉकी क्लब पर कब्जा करते हुए अपना ताला डाल दिया। प्रशासन ने इस जमीन पर सरकारी संपत्ति का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। प्रशासन की ओर से अचानक की गई इस कार्रवाई से खिलाड़ियों व हॉकी क्लब कमेटी में रोष है। कब्जा करने के दौरान पुलिस-प्रशासन की क्लब के सदस्यों से नोक-झोक भी हुई। डीएम के निर्देश पर इस जमीन के प्रशासक के तौर पर सिटी मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है।
गुरुनानक पाठशाला कन्या हाईस्कूल के प्रबंधक गुरुप्रकाश सिंह ने आठ अप्रैल को टाउन हॉल हॉकी क्लब की जमीन के बारे में आरटीआई के जरिये सूचना मांगी थी कि यह हॉकी क्लब की जमीन किसके नाम एलॉट और इसका कितना किराया है। शादी-बारातों में किसके आदेश पर और कितने रुपये किराये पर दी जाती है। किराये का आने वाला रुपया कहां जमा होता है और इसकी आय क्या है। इन बिंदुओं पर मांगी गई जानकारी में 17 जून को केवल इतनी सूचना मिली थी कि हॉकी क्लब की जमीन को नौ रुपये वार्षिक किराये पर हॉकी क्लब को दी गई है। बाकी जानकारी के लिए कोई सूचना दर्ज नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने जमीन पर गोपनीय स्तर पर जांच शुरू कर दी थी। जांच में पता चला कि नजूल की इस जमीन का हॉकी क्लब के नाम आवंटित किया गया पट्टा वर्ष 1967 तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट ने निरस्त कर दिया था। तब से हॉकी क्लब इस जमीन को मनमाने तौर पर इस्तेमाल करता आ रहा था। जांच में मामला खुलने पर डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव को प्रशासक नियुक्त करते हुए संपत्ति को अपने कब्जे में लेने के निर्देश दिए। इसी के तहत कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने बृहस्पतिवार शाम पांच बजे भारी पुलिस फोर्स के साथ हॉकी क्लब की जमीन पर कब्जा कर लिया।
टाउन हॉल में स्थित नजूल की भूमि हॉकी क्लब के नाम वर्ष 1903 में एलॉट थी लेकिन वर्ष 1967 में तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट ने पट्टा निरस्त कर दिया था। आरटीआई के जरिए सूचना मांगे जाने पर मामले की जानकारी हुई। इसी परिप्रेक्ष्य में यह कार्रवाई की गई है।
विनय प्रकाश श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट