केबल बाक्स फटा, सात हजार घरों की 13 घंटे गुल रही बत्ती
शाहजहांपुर। हथौड़ा रेलवे क्रासिंग के पास अंडरग्राउंड विद्युत लाइन का केबल बाक्स बुधवार रात फट गया। इससे हथौड़ा विद्युत सब स्टेशन से जुड़े तीन फीडर ठप हो गए और विभिन्न मोहल्लों के सात हजार घरों की बत्ती गुल हो गई। इससेे बिजली-पानी का संकट खड़ा हो गया। पॉवर कारपोरेशन के कर्मचारी करीब 13 घंटे बाद केबल बाक्स दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू करा सका।
पैना विद्युत पॉवर स्टेशन से हथौड़ा स्थित 33 केवी सब स्टेशन के लिए रेल लाइन किनारे से होकर निकाली गई बिजली लाइन हथौड़ा रेलवे क्रासिंग के पास अंडरग्राउंड बिजली लाइन का केबल बाक्स बुधवार रात करीब 11:30 बजे अचानक फट गया। इससे हथौड़ा सब स्टेशन और उससे जुड़े तीन फीडर की से जुड़े करीब सात हजार उपभोक्ताओं के घरों की बत्ती गुल हो गई। इससे हथौड़ा, गन्ना शोध संस्थान व शोध संस्थान की आवासीय कॉलोनी, लोधीपुर, एनटीआई, बृजविहार कॉलोनी, अंटा चौराहा का हिस्सा अंधेरे में डूब गया। इन सभी स्थानों पर बिजली के सात हजार कनेक्शन हैं। बिजली गुल हो जाने से पानी का भी संकट खड़ा हो गया। बृहस्पतिवार सुबह उपभोक्ताओं ने मामले की जानकारी हथौड़ा विद्युत सब स्टेशन के प्रभारी अवर अभियंता कृष्ण कुमार पटेल को दी। इसके बाद वह मैकेनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और केबल बाक्स को दुरूस्त करने का काम शुरू करवाया। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे कड़ी मशक्कत के बाद केबल बाक्स दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति शुरू की गई।
000
बिना नहाए जाना पड़ा काम पर
बिजली गुल हो जाने से सबसे बड़ी समस्या पानी को लेकर खड़ी हो गई। ज्यादातर लोग बिना नहाए काम पर चले गए, वहीं कुछ लोगों ने आस-पास हैंड पंप से पानी लेकर नहाने और कपड़े धोने का काम किया।
000
हथौड़ा रेलवे क्रासिंग के पास अंडरग्राउंड बिजली लाइन का केबिल बाक्स अचानक बुधवार रात 11:30 बजे फट गया था। जिसे बृहस्पतिवार सुबह 12:30 बजे दुरुस्त कर लाइन चालू करा दी गई है।
कृष्ण कुमार पटेल, प्रभारी एई हथौड़ा विद्युत सब स्टेशन