फोटो-27, घटना स्थल पर फटा पड़ा सिलेंडर
फोटो-28, आग से झुलसा अंकित
खाना बनाते लगी आग, गैस सिलिंडर फटा
आग पर काबू पाने के दौरान महिला का पड़ोसी युवक झुलसा
खाना बनाने के एक घंटा पहले ही एजेंसी से लिया था रिफिल
अमर उजाला ब्यूरो
भावलखेड़ा।
गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय लीक हुए सिलिंडर में अचानक आग लग गई। जब तक दमकल यूनिट टीम गांव पहुंची, तब तक सिलिंडर फट गया और उसके तीन टुकड़े हो गए। इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में महिला का पड़ोसी युवक झुलस गया। उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगजनी में महिला के घर रखा गेहूं और सरसो जल गई। सिलेंडर जलने के दौरान आसपास के लोगों की सांसे अटकी रहीं।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसरकोठी निवासी नीरज की पत्नी लक्ष्मी घर के बरामदे में शुक्रवार सुबह 11 बजे गैस चूल्हे पर खाना बना रहीं थी, तभी अचानक सिलेंडर रेगूलेटर के पास से लीक हो गया और कुछ ही देर में चूल्हे से लपट के साथ आग रेगुलेटर के पास पहुंच गई। इससे सिलेंडर भी जलने लगा। आग देखकर लक्ष्मी चीखती हुई घर के बाहर भाग निकली। उसके चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकठ्ठा हो गए और आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन जल रहे सिलेंडर को देखकर किसी की हिम्मत आगे जाने की नहीं पड़ रही। आग की लपटों ने गैस चूल्हे से कुछ दूरी पर रखा खाद्यान्न दो क्विंटल सरसों व गेहूं भी जल गया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जब तक दमकल यूनिट गांव पहुंची, तब तक सिलिंडर आग से जलने के बाद फट गया। उसकी मोटी चादर के तीन टुकड़े हो गए जो इधर-उधर काफी दूर जा गिरे। इस दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश में हरिराम का 22 वर्षीय बेटा अंकित का चेहरा झुलस गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड ने गांव पहुंचकर आग पर काबू पाया। यूपी 100 पुलिस भी गांव पहुंच गई थी। झुलसे अंकित को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्ष्मी ने बताया कि उन्होंने आज ही एजेंसी से सिलेंडर मंगवाकर खाना बनाने के लिए लगाया था। घटना के समय महिला के पति गढिय़ा रंगीन में जेसीबी लेकर गए थे। घटना के बाद से महिला और उसके बच्चे दहशत में हैं।