हड़ताल खत्म, बैंकों में उमड़े ग्राहक
एसबीआई मेन ब्रांच और बॉब की मुख्य शाखा में हुई भीड़
कैश नहीं भरे जाने से दिन भर ठप रहे शहर के तमाम एटीएम
फोटो 08 में।
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल खत्म होने के साथ ही बैंक शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बावजूद जिले में एटीएम की व्यवस्था शुक्रवार को तीसरे दिन भी पटरी पर नहीं लौैट सकी। जिले में विभिन्न बैंकों की ओर से 298 एटीएम स्थापित किए गए हैं। उनमें हड़ताल शुरू होने से पहले मंगलवार को फीड किया गया कैश निकल चुका है, लेकिन दोबारा नोट नहीं डाले जा सके। रविवार को राजपत्रित अवकाश होने के कारण एटीएम में शनिवार को कार्य दिवस मेें कैश फीड नहीं होने की दशा में नगदी संकट बने रहने के आसार हैं।
बुधवार और बृहस्पतिवार को दो दिवसीय हड़ताल के दौरान करीब 350 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ। यही नहीं, हड़ताल अवधि में क्लीयरिंग हाउस बंद रहने से सैकड़ों चेकों का भुगतान रुक गया था। यही वजह रही कि दो दिन बाद बैंकें खुलने के साथ ही उनमें चहल-पहल बढ़ गई। टाउनहाल स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, बॉब की गोविंदगंज स्थित मेन ब्रांच और विकास भवन की ग्रामीण बैंक शाखा में उद्यमी, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। कारोबारी तबके में नगदी की बढ़ी मांग के कारण अधिकांश बैंकों के भुगतान काउंटरों पर दोपहर बाद तक ग्राहकों का भारी दबाव बना रहा।
बैंक शाखाओं में नगदी की मांग बढने का अहम कारण यह भी रहा कि शहर में विभिन्न बैंकों के अधिकांश एटीएम कैश खत्म हो जाने के कारण दिन भर ठप रहे। एक्सिस बैंक और बॉब के कचहरी स्थित एटीएम अपवाद के तौर पर सुबह कुछ घंटे चले, लेकिन बाद में उनका कैश भी खत्म हो गया। अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक चंद्रशेखर जोशी भी मानते हैं कि सारा कैश बैंकों के भुगतान काउंटरों पर बट जाने से एटीएम में नाट नहीं डाले जा सके। एलडीएम, जोशी के अनुसार एटीएम में कैश फीड करने का काम निजी क्षेत्र की एक एजेंसी का दिया गया है और शनिवार तक अधिकांश एटीएम में कैश भर कर उन्हें चालू करा दिया जाएगा।