बवाल के बाद डालमियां चीनी मिल में चालू हुई पेराई
बृहस्पतिवार रात हुई थी पुलिस से किसानों की झड़प
अमर उजाला ब्यूरो
निगोही।
डालमिया चीनी मिल में गन्ना पेराई बंद होने के बाद बृहस्पतिवार रात हुए बवाल के बाद शुक्रवार को चीनी मिल में पेराई चालू हो गई है। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे से मिल में पेराई बंद हो गई थी। विरोध में शाम को गन्ना किसानों ने शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस से किसानों की झड़प हो गई। इसके बाद पथराव और लाठी चार्ज हुआ था।
डालमिया चीनी मिल क्षेत्र में हजारों किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है। गन्ना पर्चियां मिलने में देरी और कलेंडर से सट्टा डिलीट करने के विरोध में बुधवार को किसानों ने जाम लगाया था। गन्ना महाप्रबंधक रणधीर सिंह के आश्वासन पर जाम खुला। बृहस्पतिवार को मिल में सुबह पांच बजे से पेराई बंद हो गई। शाम को मिल कर्मियों और किसानों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद किसानों ने जाम लगा दिया था। पुलिस को किसानों पर लाठियां भांजनी पड़ी थीं। गन्ना महाप्रबंधक रणधीर सिंह ने बताया कि मिल में बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे से पेराई शुरू हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि किराये पर गन्ना लाए लोगों ने बवाल किया था। बवाल में किसान शामिल नहीं थे।