आशा वर्करों ने सीएम का फूंका पुतला, किया प्रदर्शन
पुलिस ने 40-50 अज्ञात आशाओं के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
फोटो-11,12
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। निश्चित मानदेय किए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत आशा वर्करों व संगिनी ने बृहस्पतिवार को सुदामा चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। इस दौरान नारेबाजी कर जमकर प्रदर्शन किया गया। वहीं सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने पुतला फूंके जाने पर 40-50 अज्ञात आशा वर्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आशा वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले वर्कर दस सितंबर से खिरनी बाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर धरने पर बैठीं हुई हैं। निश्चित मानदेय किए जाने, राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत आशा वर्करों ने बुधवार को सुदामा चौराहे पर जाम लगा दिया था। लगभग ढाई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। बृहस्पतिवार को आशा वर्कर एक बार खिरनी बाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में धरना स्थल पर एकत्र हुईं। यहां से सोसाइटी की अध्यक्ष कमलजीत कौर के नेतृत्व में आशा वर्कर दोपहर लगभग डेढ़ बजे सुदामा चौराहे के पास पहुंच गईं और यहां अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। इस दौरान आशा वर्करों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतले को आग लगा दी। आशा वर्करों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। पुतला दहन के दौरान मीना देवी, मानू, सीमा देवी, आशा देवी, सुषमा आदि तमाम आशा वर्कर शामिल थी।
-------
सामाजिक एकता मंच ने दिया समर्थन
राष्ट्रीय सामाजिक एकता मंच ने आशा वर्करों के चले रहे आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है। प्रदेश सचिव राजीव सक्सेना की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई मंच की बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष गजराज सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर आशा वर्करों की हौसला आफजाई की। बैठक में वीरेंद्र त्यागी, राकेश विश्वकर्मा, छोटू रस्तोगी, मुकेश श्रीवास्तव, राजीव कपूर आदि लोग शामिल थे। ब्यूरो
----------
मुख्यमंत्री का पुतला फूंके जाने पर सदर बाजार इंस्पेक्टर की ओर से 40-50 अज्ञात आशा वर्करों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है, नाम उजागर होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुमित शुक्ला, सीओ सिटी
-----