बारिश में पानी भरने से ट्रैक डूबा, कई ट्रेनें प्रभावित
प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी करनी पड़ी लखनऊ मेल
रोजा में भी यार्ड में पानी भरा, मालगाड़ियां प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। लगातार हो रही बारिश ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा रही है। पहले से ही कई रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। इसके बावजूद ट्रैक और यार्ड में पानी भरने से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ रहा है। शुक्रवार रात भी अप और डाउन लाइन की रेलगाड़ियां ट्रैक पर पानी भरने से प्रभावित हुईं। दिल्ली से लखनऊ जा रही डाउन-12230 लखनऊ मेल को काफी देर तक प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ा रहना पड़ा।
शुक्रवार को बारिश की वजह से ओएचई लाइन ऑफ होने की वजह से भी दिन में कई ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। शुक्रवार रात में हुई भारी बारिश से रोजा यार्ड में भी पानी भर गया। इससे मालगाड़ियों पर असर देखा गया। ट्रैक पर पानी भरने की वजह से जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल की रफ्तार पर भी असर हुआ। शाहजहांपुर स्टेशन पर ट्रैक नंबर दो पूरी तरह से पानी में डूब गया। इसी दौरान लखनऊ मेल पहुुंच गई। पानी भरा होने से सिग्नल क्लियर नहीं हो सका। ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर दो पर ही खड़ा रखा गया। रात में ही स्टेशन अधीक्षक ओमशिव अवस्थी भी स्टेशन पहुंचे। ट्रैक पर भरे पानी को निकलने की व्यवस्था की गई। इसके बाद ट्रेनों का संचालन संभल सका।
------
इनसेट........
फास्ट-सुपर फास्ट ट्रेनों की रफ्तार पर असर
- भारी बारिश के चलत ट्रैक और यार्ड में पानी भरने की वजह से कई फास्ट और सुपरफास्ट रेलगाड़ियों की रफ्तार प्रभावित हुई। अप और डाउन लाइन पर 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के कॉशन भी दिए गए। बारिश और जल भराव से तड़के तीन बजे के बाद शाहजहांपुर से गुजरने वाली अप-12230 लखनऊ मेल, 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 13010-दून एक्सप्रेस, 12232-चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, डाउन-12211 आनंद बिहार एक्सप्रेस, 15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस की रफ्तार पर असर हुआ। शाहजहांपुर में करीब 20 मिनट के बाद रेल ट्रैक क्लियर हो सका।
..................
मंडल मुख्यालय जारी कर चुका अलर्ट
भारी बारिश के चलते रेल ट्रैक, यार्ड और ओएचई लाइनों को लेकर उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल मुख्यालय की ओर से पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। बारिश के चलते रेलवे अलर्ट है। इसके बावजूद बारिश से ट्रेनों की रफ्तार को प्रभावित होने से रोका नहीं जा पा रहा है।