शाहजहांपुर। बिजली के बगैर जीवन यापन कर रहे गरीब परिवारों के घरों में उजाला लाने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री हर घर बिजली योजना (सौभाग्य योजना) का रविवार को जिले में शुरु हो गई। इस मौके पर ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपकेंद्रों से संबद्ध करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में विशेष कैंप लगाकर जन प्रतिनिधियों ने तमाम पात्र परिवारों को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भावलखेड़ा ब्लॉक के गांव कुरसंडा व टिकरा और विधायक मानवेंद्र सिंह ने ददरौल ब्लॉक के हकीमपुर में आयोजित शिविरों में गरीब परिवारों को बिजली कनेक्शन का सामान वितरित कर इस योजना को उनके लिए वरदान बताया।
जिले मेें इस योजना के पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्र के एक लाख गरीब परिवारों को लाभान्वित किया जाना है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने गरीब परिवारों को दो श्रेणियों में बांटने के साथ उनके चिन्हांकन को अपने मानक तय किए हैं। अत्यंत गरीब परिवारों को कनेक्शन का सारा सामान, यहां तक कि नजदीकी पोल से मीटर तक सर्विस लाइन केबिल मुफ्त देने के साथ उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा जबकि दूसरी श्रेणी के कम गरीब परिवारों को सामान मुफ्त देने के साथ 500 रुपये कनेक्शन शुल्क 50 रुपये की दस मासिक किश्तों में लिया जाना है।
कैबिनेट मंत्री खन्ना ने अटसलिया पॉवर सब स्टेशन से जुड़े कुरसंडा गांव में 24 और टिकरा में 12 परिवारों को कनेक्शन के लिए सर्विस केबिल, मीटर, एमसीबी और बल्ब प्वॉइंट समेत बोर्ड, एलईडी बल्ब आदि वितरित किए। लाभान्वित परिवारों को वहां मौजूद पॉवर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल और एक्सईएन ग्रामीण आरबी यादव ने लाइन स्टाफ भेजकर तत्काल कनेक्शन दिलवाए। इस मौके पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने समाज की अंतिम पायदान पर खड़े हर परिवार में खुशहाली लाने का जो सपना देखा, उसे भाजपा की सरकार सौभाग्य योजना से मूर्त रूप दे रही है।
जनगणना के आधार पर हुआ चयन
ददरौल क्षेत्र के गांव हकीमपुर में योजना का शुभारंभ करते हुए विधायक मानवेंद्र सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष में जिन गरीब परिवारों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है, उनका चयन वर्ष 2011 में हुई सामाजिक, आर्थिक और जातीय जनगणना के आधार पर किया गया है। इस मौके पर उन्होंने 14 गरीब परिवारों को कनेक्शन दिलाए। कार्यक्रम में पॉवर कारपोरेशन के क्षेत्रीय उपखंड अभियंता व अवर अभियंता समेत जिला पंचायत सदस्य उमेश पाल सिंह, ग्राम प्रधान आदित्य सिंह, नन्हकू वर्मा, जगतपाल सिंह, हरजीत सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
प्राथमिक स्कूल में लगा शिविर
पुवायां प्रतिनिधि के अनुसार विधायक चेतराम ने गांव गुधनी के प्राथमिक स्कूल में लगे शिविर में 25 और फरेंदा बरा के पंचायत भवन परिसर में 53 परिवारों को निशुल्क कनेक्शन के प्रमाण पत्र दिए गए। इस मौके पर एसडीओ पीके रावत, जेई जीडी जोशी, नीरज कुमार, ओमदेव मिश्रा, सुरेश पासी, सरोज पासी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। उधर, जैतीपुर क्षेत्र के गांव बकैनिया में विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने 14 गरीब ग्रामीणों को बिजली कनेक्शन मुफ्त वितरित किए और 7 पुराने कनेक्शन पर मीटर भी दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता आरपी सिंह, गजेंद्र प्रताप सिंह, जगवीर सिंह, गौरव कुमार,जेएमटी दीपक कुमार, अनिल सिंह ग्राम प्रधान छत्रपाल क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत पाल सिंह, रक्षपाल सिंह, सोनू सिंह, बृजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
निगोही और पुवायां में भी वितरण
विधायक रोशन लाल वर्मा ने निगोही क्षेत्र के गांव बाबर में, विधायक चेतराम ने पुवायां क्षेत्र के गांव गुंधनी में कनेक्शन वितरित किए। वहीं कैंप अल्हागंज क्षेत्र के गांव फतेहपुर, कलान के कोठा, मिर्जापुर के छोटा तारापुर, कटरा के बिहारीपुर, तिलहर के बंधीचक व गोबरसंडा, मदनापुर के पटियारी, जलालाबाद के कुडरा, कांट के तिलियापुर, खुदागंज के इंद्रपुर, निगोही के अल्हादादपुर, ददरौल के शहबाजनगर, सिंधौली के मुड़िय़ा पवार, भावलखेड़ा के चौरा व आटा खुर्द, खुटार के अंधा, पुवायां के सकरापुर, जेवां व नत्थापुर आदि स्थानों पर क्षेत्रीय बिजली अभियंताओं की देखरेख में कैंप आयोजित किए गए।