शाहजहांपुर। शासन ने रिंग रोड के लिए मंजूरी दे दी है। यह बरेली मोड़ से निगोही रोड और पुवायां रोड होते हुए सीतापुर रोड से जाकर मिलेगा। रिंग रोड बनने के बाद शहर में होते हुए सीतापुर, लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे। साथ ही शहर वालों को काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी। 34.45 किलोमीटर के रिंग रोड का निर्माण के लिए शासन ने 95 करोड़, 31 लाख 59 हजार रुपये की मंजूरी दी है। इसके लिए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रयास किया था।
शहर में जाम की समस्या काफी विकराल हो चुकी है। विधानसभा चुनाव के दौरान सदर विधायक सुरेश खन्ना ने रिंग रोड बनवाने का वादा किया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगर विकास मंत्री का अहोदा पाने वाले खन्ना ने सरकार में रिंग रोड का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। 34.45 किमी लंबे रिंग रोड के लिए 95.31 करोड़ रुपये की धनराशि चालू वित्तीय वर्ष 2017-18 में ही जारी कर दी जाएगी। उम्मीद है कि रिंग रोड का काम जल्द चालू हो जाएगा। नेशनल हाईवे बरेली मोड़ से शुरू होकर यह रिंग रोड निगोही, शहवाजनगर, काजीपुर, दौलतपुर, पुवायां रोड, बसुलिया, दावतपुर होते हुए सीतापुर रोड से मिलेगा। रिंग रोड के बाद शहर से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों की संख्या काफी कम हो जाएगी। रिंग रोड के संबंध में जारी शासनादेश में यह भी स्पष्ट कहा गया है कि रिंग रोड के लिए निशुल्क भूमि देने वाले किसानों से सहमति पत्र प्राप्त कर लिए जाएं। ताकि निर्माण में कोई बाधा न आए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक साल में यह रिंग रोड़ बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बन जाने से जनता को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।