शाहजहांपुर। चुनावी रंजिश में युवक को गोली मारने के दोषी को अदालत ने दस वर्ष कैद की सजा सुनाई है।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव हरभानपुर निवासी ओमप्रकाश ने 27 अगस्त 2022 को तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 25 अगस्त की रात लगभग 9:30 बजे उसका बेटा इंदरपाल घर से खेत पर जा रहा था। तभी गांव के राजेश और उसके बेटे मुनीश्वर ने इंदरपाल को सड़क पर घेर लिया।
ओमप्रकाश के अनुसार वह और उसका बेटा धर्मेंद्र भी खेत पर जा रहे थे। उन लोगों ने देखा कि मुनीश्वर ने इंदरपाल को पकड़ा हुआ था। इसी दौरान राजेश ने इंदरपाल पर तमंचे से गोली चला दी।
इंदरपाल घायल होकर वहीं गिर गया। उन दोनों को देखकर हमलावर वहां से भागने लगे। उन लोगों ने पकड़ने का प्रयास लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गए। वे लोग बेटे को लेकर थाने आए जहां से सीएचसी भेजा गया।
सीएचसी से जिला अस्पताल और उसके बाद बरेली रेफर किया गया।
ओमप्रकाश ने बताया था कि उसकी राजेश से चुनावी रंजिश चल रही थी। इस वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के बाद राजेश के विरुद्ध आरोपपत्र अदालत भेजा। अदालत में मुकदमा चलने के दौरान गवाहों के बयानात और साक्ष्यों के आधार पर अपर सत्र न्यायाधीश / त्वरित न्यायालय नरेंद्र नाथ पांडेय ने राजेश को दस वर्ष कारावास की सजा सुनाई।