जोकवा बाजार। फाजिलनगर कस्बा पिपरा रज्जब मोहल्ले में बीते 25 जून की सुबह रसोई गैस रिसाव होने के चलते भोजन पकाते समय आग लग गई थी। इसकी चपेट में आने से परिवार के मुखिया समेत चार लोग झुलस गए थे। उनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। वहां इलाज के दौरान परिवार के मुखिया की मौत हो गई।
बीते 25 जून की सुबह प्रदीप यादव की पत्नी रीता यादव सुबह करीब नौ बजे भोजन पका रहीं थीं। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव के चलते आग लग गई। इसको बुझाने पहुंचे प्रदीप यादव पत्नी समेत गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें देख उनके आठ वर्षीय पुत्र विराट और 12 वर्षीय बेटी विनीता भी उनके पास रोते हुए पहुंची तो वे भी झुलस गए थे। घर में आग लगने का शोर सुनकर आए आसपास के लोग किसी तरह आग बुझाए और झुलसे दंपति और बच्चों को फाजिलनगर सीएचसी ले गए। वहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान प्रदीप की मंगलवार रात मौत हो गई, जबकि पत्नी रीता, बेटा विराट और पुत्री विनीता का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है।