- बरदहिया बाजार के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे मिला था युवक
संतकबीरनगर। शहर के गायत्री मंदिर बरदहिया बाजार के पीछे सोमवार को सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक को स्थानीय लोगों ने घायलावस्था में देखकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। उसकी पहचान अश्वनी त्रिपाठी (25) पुत्र अरविंद कुमार त्रिपाठी निवासी धरवार खुर्द, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के पुरानी सब्जी मंडी के पास सोमवार सुबह करीब सात बजे गायत्री मंदिर के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध परिस्थिति में घायल पड़े युवक पर आसपास के लोगों की नजर पड़ी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरदहिया चौकी प्रभारी अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायल युवक की तलाशी ली। उसके पास से एक बैग और आधार कार्ड बरामद हुआ।
आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अश्वनी त्रिपाठी (25) पुत्र अरविंद कुमार त्रिपाठी निवासी धरवार खुर्द, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई। आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुआ है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक की टीम ने गंभीर स्थिति को देखकर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि घायल को उपचार के लिए भिजवा दिया गया है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।