संतकबीरनगर। संयुक्त जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष में मंगलवार को परिजन एक 30 वर्षीय युवक को मृत अवस्था में लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान खलीलाबाद थाना क्षेत्र के छोटी सरौली निवासी अंकित सिंह (30) पुत्र जयप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल से मिले मेमो के अनुसार, परिजन युवक को मृत अवस्था में इमरजेंसी कक्ष में लेकर आए थे। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ पंचायतनामा और पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए भेजे गए। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।
कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।