लोहरैया। धनघटा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में सोमवार की शाम एक युवक का शव गांव के पश्चिम स्थित तालाब के किनारे पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बभनौली निवासी लक्ष्मण (35) पुत्र तूफानी का शव सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव के पश्चिम स्थित तालाब के किनारे एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव उतरवाया।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे तक गांव में घूमता-फिरता दिखाई दिया। इसके बाद वह घर से यह कहकर निकला कि वह बभनौली चौराहे की ओर सब्जी लेने जा रहा हैए लेकिन करीब दो घंटे बाद उसका शव तालाब के किनारे पेड़ से लटका मिला।
मृतक अपने पीछे पत्नी निरमा तथा दो पुत्रों आर्यन (7) और रेयांश (4) को छोड़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। पत्नी निरमा बच्चों के साथ रो-रोकर बेहाल हो गई। ग्रामीणों के अनुसार युवक शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी पंजाब में नौकरी करती है और कुछ दिन पहले ही बभनौली आई थी। युवक घर पर ही रहता था।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मौत बनी चर्चा का विषय
लोहरैया। बभनौली गांव में पेड़ से लटके मिले लक्ष्मण की मौत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि घटनास्थल का दृश्य सामान्य आत्महत्या की घटना से मेल नहीं खा रहा था, जिससे लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जब शव देखा गया तो मृतक के गले में रस्सी का फंदा पेड़ की टहनी से बंधा हुआ था, लेकिन उसका शरीर हवा में नहीं लटक रहा था। युवक घुटनों के बल जमीन पर था। इसी बात को लेकर ग्रामीणों के बीच संदेह की स्थिति बनी हुई है।