संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा(संतकबीरनगर)। धनघटा मुखलिसपुर मार्ग पर गोपीपुर गांव के सामने शनिवार के शाम दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। दूसरे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इनमें से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के पाकरघाट कटया गांव निवासी 40 वर्षीय राजनाथ पुत्र रामदास धनघटा क्षेत्र के सेमरडाड़ी गांव निवासी विनोद के घर रिश्तेदारी में आए थे। वह बाइक से घर लौट रहे थे। गोपीपुर गांव के सामने धनघटा-मुखलिसपुर मार्ग पर धनघटा की तरफ आ रहे हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के सोपरा गांव निवासी 20 वर्षीय गणेश और 18 वर्षीय अनूप पुत्र प्रमोद की बाइक से टक्कर हो गई। तीनों लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पुलिस ने सीएचसी मलौली पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने राजनाथ को मृत घोषित कर दिया। गणेश और अनूप की हालत गंभीर होने से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गणेश की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। अनूप का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनमें से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी मलौली पहुंच गए।
राजनाथ की मौत पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली में रोते बिलखते परिजन-संवाद