धर्मसिहवा। स्थानीय नगर पंचायत के तीन वार्डों में जल निगम की पाइप डालने के लिए तोड़ी गई आरसीसी सड़क की एक वर्ष बाद भी मरम्मत नहीं की गई। ठेकेदार की मनमानी का खामियाजा स्थानीय नागरिक झेल रहे हैं। राहगीरों को हादसे की आशंका रहती है। इससे लोगों में आक्रोश है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा के वार्ड संख्या 1, 9 और 13 में हर घर जल योजना के तहत एक वर्ष पूर्व जल निगम आरसीसी सड़क तोड़कर पाइपलाइन बिछाई थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय निवासी संजय पांडे, निसार अहमद, रोहित पांडे, ओम प्रकाश पांडे, ठाकुर पांडे, पवन पांडे आदि का कहना है कि सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे पैदल चलना और दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है क्योंकि उन जगहों पर जलभराव हो जाता है। स्थानीय निवासी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडेय ने इस समस्या को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जल निगम या संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र सड़क मरम्मत नहीं कराई गई तो जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। शिकायत नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में दर्ज की गई है, और अधिकारी स्तर पर जांच व कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं नगर पंचायत की ओर से भी कई बार इस मामले को लेकर पत्राचार किया जा चुका है। लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।