- कोतवाली क्षेत्र के बनकटवा मोड़ के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कोतवाली क्षेत्र के मगहर चौकी अंतर्गत शुक्रवार की देर रात बनकटवा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को संयुक्त जिला चिकित्सालय खलीलाबाद भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित करते हुए शव कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चौकी इंचार्ज राजीव सिंह ने बताया कि शुक्रवार की देर रात पुलिस चौकी क्षेत्र के बनकटवा मोड़ से 200 मीटर आगे एक बाइक सवार युवक के अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल होने की सूचना मिलने पर सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि एक बाइक क्षतिग्रस्त पड़ी है। साथ ही चालक जनार्दन यादव (42) पुत्र गणेश यादव ग्राम विसया हन्नु थाना कोतवाली खलीलाबाद घायल पड़ा है। उसे एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय खलीलाबाद भेजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर परिजन भी आ गए। बाइक चालक गिरधरपुर गांव में रिश्तेदारी में जा रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।