महुली थाना क्षेत्र के चमनगंज तिराहे मृतक युवक के परिजनों ने बास बल्ली लगाकर रोड जाम किया।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
हादसे में युवक की मौत से गुस्साई भीड़ ने लगाया जाम
सड़क पर शव रखकर बांस-बल्ली बांधकर रास्ता किया अवरुद्ध
चालक को मौके पर लाने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े
मोलनापुर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। महुली क्षेत्र के कड़सर (चमनगंज) तिराहे पर शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ ने मौके पर चालक को पकड़ कर लाने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। गुस्साई भीड़ शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। भीड़ ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। देर शाम तक जाम जारी रहा।
कड़सर निवासी 38 वर्षीय तेरस पुत्र लालमन गुप्ता शुक्रवार की शाम को स्थानीय चमनगंज तिराहे पर समोसा खरीदने साइकिल से गए थे। लौटने के दौरान चमनगंज तिराहे के पास अनियंत्रित टैक्टर ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही साइकिल सवार तेरस की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया तेरस के ऊपर चढ़ गया था। इससे उनकी मौत हो गई। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस चालक को हिरासत मेें लेकर मोलनापुर पुलिस चौकी पर चली गई। जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर खड़ी रही। इधर, सूचना पर पीड़ित परिजनों के साथ आसपास के गांवों के लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क के बीच में शव रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ये लोग मोलनापुर चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लोग चालक को मौके पर लाने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे। लोगों ने तिराहे पर बांस-बल्ली बांधकर आवागमन बंद करा दिया। सूचना पर तहसीलदार धनघटा और एसओ महुली फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार और एसओ ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। एसओ केडी सिंह ने बताया कि ढाई घंटे से लोगों को समझाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।