संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में रंजिश में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज गोरखपुर के जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मखदुमपुर निवासी संत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि पांच जुलाई को वह परिवार के साथ सरयू नदी स्थित बिडहर घाट पर पूजा-पाठ कर घर लौट रहे थे। उनका बेटा रमेश कुमार पारासीर चौराहे पर दवा लेने के लिए रुक गया। आरोप है कि घात लगाए बैठे विपक्षियों ने उसे अकेला पाकर मारना-पीटना शुरू कर दिया। उसे पकड़कर अपने घर ले गए, जहां फिर से मारपीट की।
घायल रमेश कुमार को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गोरखपुर ले जाया गया। परिजन के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलिराम राजभर, कुलदीप, सुशीला देवी, मालती तथा अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।