लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के पचपोखरी गांव में बाजार करने जा रहे एक युवक की बाइक में पीछे से टक्कर मारने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद चार युवकों ने बाजार पहुंचकर युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार के खिलाफ मारपीट, धमकी और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के पडोखर गांव निवासी रामपाल चौहान बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक से पचपोखरी बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। आरोप है कि पचपोखरी स्कूल के सामने पीछे से तेज रफ्तार बाइक से आ रहे एक युवक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कुछ देर बाद सचिन अपने साथ अमन निषाद, आदित्य और विकास को लेकर बाजार पहुंचा। चारों ने एक राय होकर लात-घूंसों और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जाते समय आरोपितों ने जान-माल की धमकी भी दी।
दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।