ननिहाल आया किशोर कुआनो में नहाते समय लापता
बस्ती जिले के कुरियार गांव का निवासी है किशोर
अनहोनी की आशंका से सहम गए हैं ननिहाल और परिवार के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसया। धनघटा क्षेत्र के पचरा में ननिहाल आया किशोर बुधवार का कुआनो में नहाने के दौरान डूबकर लापता हो गया। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की नदी में काफी तलाश कराई, लेकिन कोई पता नहीं चला। घटना से किशोर की ननिहाल और परिवार के लोग सदमे में हैं।
बस्ती जिले के मुंडेरवा क्षेत्र के कुरियार निवासी 17 वर्षीय राहुल पुत्र राम जियावन धनघटा क्षेत्र के पचरा गांव में अपने मामा शिवकुमार के घर आया था। बुधवार को राहुल पचरा गांव के पास से गुजरी कुआनो नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से डूबकर लापता हो गया। काफी देर तक जब मामा के घर नहीं पहुंचा तो लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी के किनारे राहुल का कपड़ा और चप्पल मिला। सूचना पर पौली चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की नदी में तलाश शुरू कराए। चौकी इंचार्ज मनोज पटेल ने बताया कि कुरियार निवासी राहुल कुआनो में नहाने के दौरान डूबकर लापता हो गया है। उसकी तलाश कराई जा रही है, लेकिन अभी तक पता नहीं चला है। इधर, ननिहाल और परिवार के लोग किशोर की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं, लेकिन अनहोनी से चिंतित है।