बखिरा। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती को इंस्टाग्राम पर अश्लील संदेश व फोटो अज्ञात युवक भेज रहा है। ऐसा आरोप लगाते हुए पीडित भाई ने एसपी को प्रार्थनापत्र दिया।आरोप लगाया कि उसकी बहन के मोबाइल फोन पर एक युवक इंस्टाग्राम पर फर्जी खाता बनाकर अश्लील संदेश व फोटो भेजता है। बहन की सहेली भी आरोपी युवक से इंस्टाग्राम पर बने फर्जी खाता वाले मोबाइल नंबर पर बात करती है। जानकारी करने पर बहन की सहेली ने बताया कि युवक उसकी बुआ का बेटा है। आरोपी युवक की इस हरकत से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। पीड़ित भाई ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ श्याममोहन ने बताया अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
बखिरा। बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र के चमनगंज-रमवापुर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से एक युवक को चाकू के साथ पकडा। एसओ ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान निजामुद्दीन निवासी दुर्गजोत के रूप में हुई। उसके खिलाफ आर्म्स अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। संवाद
चार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की हुई कार्रवाई
बखिरा। बुधवार को पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की। एसओ श्याममोहन ने बताया कि क्षेत्र में कुछ लोग गैंग बनाकर समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। क्षेत्र के सांगठ निवासी दुर्गेश गौड़, मलेन निवासी शैलेन्द्र, रामजी चौधरी व कमलेश यादव का एक संगठित गिरोह है। 26 जुलाई 2021 को रात नौ बजे महुली क्षेत्र की एक महिला से इसी गिरोह के लोगों ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में केस भी दर्ज किया गया था। न्यायालय में मामला विचाराधीन है। क्षेत्र में इनके कृत्य से समाज में भय व्याप्त है। चारों अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। संवाद